मुंह पर कालिख पोतकर वृद्धा को गांव में घुमाने के मामले में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वृद्धा के चेहरे पर कालिख पोतकर देवता के रथ के साथ चलाने का वीडियो वायरल हुआ है।
पहले पौने दो मिनट के वीडियो में महिला के मुंह पर कालिख पोतकर जूतों का हार पहनाकर कुछ लोग खींचकर गांव में दौड़ा रहे हैं। दूसरे दो मिनट के वीडियो में महिला के साथ देवरथ और छड़ी है जिसमें कुछ लोग महिला पर दया करने की बात भी कर रहे हैं।
देव आस्था के नाम पर क्षेत्र की गाहर पंचायत में यह बर्बरतापूर्ण मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां एक बुजुर्ग महिला को जादू टोना करने के आरोप लगाकर देव माहूंनाग के मंदिर में स्वयं को गूर और पुजारी कहने वालों ने कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर पूरे गांव में महिला के मुंह पर कालिख पोत गले में जूतों की माला पहनाकर घुमाया है।
इस देवता की मान्यता मंडी जिला के अलावा हमीरपुर, कांगड़ा और बिलासपुर में भी है। 81 वर्षीय बुजुर्ग पीड़ित महिला उसके परिजनों और पंचायत के लोगों को देवता के नाम का हवाला देकर इस बात को जगजाहिर करने से मना कर दिया था।
लोगों को डराया जा रहा था कि जो कोई भी इस बात को जग जाहिर करेगा, उसे देवता श्राप देंगे। इसी डर से कोई भी आगे नहीं आ रहा था। लेकिन अब किसी ने इसका वीडियो वायरल कर दिया है।
महिला और उसके परिजनों को थाने में बुलाकर पूछताछ करके बयान कलमबद्ध कर दिए हैं। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे।