उपमंडल सुंदरनगर के डैहर पावर हाउस में सीआईडी में तैनात पुलिस कर्मी पर महिला शिक्षिका ने छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला शिक्षिका साथ लगते एक क्षेत्र में तैनात है। घटना वाले दिन शिकायतकर्ता अपने घर जा रही थी। इसी दौरान बस में उसके साथ एक व्यक्ति आकर बैठ गया और जबरदस्ती बात करने लग गया।
महिला पहले तो उसकी हरकतों को नजरअंदाज करती रही। इसी दौरान उसने महिला शिक्षक से उसका फोन नंबर मांगा। पीड़ित महिला बस से उतर गई। आरोपी भी बस से उतर गया और उसका पीछा करने लगा।
थोड़ी ही दूर जाने पर उसने महिला की बाजू पकड़ ली। पीड़ित महिला शिक्षिका के अनुसार आरोपी को पहले भी उसने पीछा करते देखा है। महिला ने सुंदरनगर थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उधर, थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया शिकायत मिलने पर पुलिस ने सीआईडी यूनिट डैहर पावर हाउस में तैनात आरोपी पुलिस कर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।