हिमाचल में नकली नोट के गिरोह का पदाफर्श हुआ है। सदर थाना क्षेत्र नाहन में एक हजार का नकली नोट चलाते दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वे पिछले तीन माह में एक हजार के 28 नकली नोट मार्केट में चला चुके थे।
29वां नोट चलाने के प्रयास में धरे गए। पुलिस ने उनसे 1000 का एक और नकली नोट बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि एक हजार का नोट चलाने के एवज में उन्हें 100 रुपये कमीशन मिलती थी। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सोमवार को पुरुषोत्तम दास तोमर निवासी ढाबों मोहल्ला नाहन ने थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई कि रविवार शाम को करीब आठ बजे एक बिहारी मूल का लड़का उसकी दुकान पर 1000 रुपये का नोट लेकर आया।
उसने कुछ सामान खरीदा और बकाया मांगा। उसके पास चेंज नहीं थी। उसने पड़ोसी से खुले पैसे मांगे तो पता चला कि नोट नकली है। संदेह होने पर कच्चा टैंक पुलिस चौकी को सूचित किया।