अफगानिस्तान के पश्तून इलाके से दर्र-ए-खैबर के जरिये पाकिस्तान और उसके बाद पंजाब से हिमाचल में नशे का कारोबार पनप रहा है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक राजस्थान और पंजाब से पहले हिमाचल के सीमांत इलाकों में भुक्की का कारोबार जोरों पर था, लेकिन पिछले एक अरसे से पंजाब से हिमाचल में हेरोइन की बड़ी खेप धकेली जा रही है।
ऊना और पंजाब में चिट्टा के नाम से मशहूर हेरोइन के पैकेट अब जिला ऊना के सीमांत इलाकों में उपलब्ध होने लगे हैं। हालांकि जिला पुलिस और पुलिस के सीआईए विंग की इन गतिविधियों पर तीखी नजर है। करीब तीन माह पूर्व ऊना पुलिस ने सीमांत इलाके में साढ़े तीन ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को हिरासत में लेकर हिमाचल में इस कारोबार का पटाक्षेप किया था।
लेकिन, अभी तक पुलिस इस खतरनाक नशे के बड़े सप्लायरों तक नहीं पहुंच पाई है। सूत्र बताते हैं कि ऊना के साथ लगते पंजाब के गढ़शंकर, माहिलपुर और होशियारपुर से सप्लायर चोर रास्तों से इस खेप को हिमाचल में धकेल रहे हैं। खास बात यह है कि अब हेरोइन जिला में ही कोड वर्ड पर उपलब्ध होने लगी है।
खुफिया सूत्रों की मानें तो ऊना जिला के औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल, हरोली के बीत व अन्य इलाकों में हेरोइन चिट्टा के नाम से मिल रही है। स्कूलों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले कुछेक छात्र इस खतरनाक नशे की जकड़ में आने लगे हैं। इलाके में बढ़ते इस कारोबार को लेकर बच्चों के अभिभावक चिंतित हैं।
छह सौ रुपये में दो डोज, नाम अनेक
हेरोइन का एक पैकेट छह सौ रुपये से शुरू है। खुफिया सूत्रों की मानें तो इसमें दो डोज रहती है। हालांकिं आम आदमी के लिए यह आसानी से उपलब्ध नहीं है। कोर्ड वर्ड या जान पहचान पर ही हेरोइन का पैकेट उपलब्ध है। सूत्र बताते हैं कि जिला में धीरे-धीरे इसके सुरक्षित केंद्र पनपने लगे हैं। ऊना और पंजाब में इसे चिट्टा के नाम से जाना जाता है। लेकिन आमतौर पर स्मैक, ब्वॉय, हॉर्स, ब्राउन, ब्लैक और तार आदि कई नामों से हेरोइन चिन्हित है।
ओवरडोज से हुई थी युवक की मौत
ऊना जिला के एक सीमांत क्षेत्र में करीब छह माह पूर्व एक युवक की कथित तौर पर हेरोइन की ओवर डोज से मौत भी हो चुकी है। उस वक्त लोगों ने इलाके में नशे के बढ़ते चलन पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। सूत्र बताते हैं कि उक्त युवक की मौत हेरोइन जैसी खतरनाक ड्रग की ओवर डोज से हुई थी।
पुलिस की है विशेष नजर
एएसपी वीरेंद्र ठाकुर का कहना है कि नशीले पदार्थों के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है। कुछ माह पूर्व ही पुलिस ने एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। सीमांत इलाकों में पुलिस की सक्रियता से भुक्की जैसे नशीले पदार्थ के कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगाने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस का सीआईए स्टाफ ऐसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखे हुए है।