आए दिन दहेज के लिए प्रताड़ित महिला ने दिवाली की रात अपनी जान दे दी। इसकी डेढ़़ साल पहले ही शादी हुई थी। मामला हिमाचल के जिला हमीरपुर का है। यहां पुलिस थाना बड़सर के अंतर्गत जब्बल खैरियां में विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
इसके चलते पुलिस ने मृतका के पति, सास, ससुर और ननद को गिरफ्तार किया है। चारों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बड़सर पंचायत के जब्बल खैरियां गांव की ज्योति ठाकुर (23) पत्नी पंकज ठाकुर ने दीपावली की रात जहर निगल लिया। इलाज के लिए उसे निजी अस्पताल ले जाया गया।
यहां पर महिला को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत की खबर मिलने पर मायके वाले बड़सर थाना आ पहुंचे।