हिमाचल के कांगड़ा स्थित पौंग डैम में डूबने से एक डॉक्टर की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार थाना फतेहपुर के तहत अटल बिहारी वाजपेयी जल क्रीड़ा केंद्र के पास पौंग बांध में डूबकर एक डॉक्टर की मौत हो गई।
डॉक्टर अमित भल्ला गंगथ के निवासी थे और वर्तमान में इंदौरा अस्पताल में कार्यरत थे। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे डॉ. अमित भल्ला अपनी गाड़ी में जल क्रीड़ा केंद्र पहुंचे और पौंग बांध में नहाने उतर गए।
इस दौरान यकायक वह गहरे पानी में डूबने लगे। कुछ दूरी पर तैराकी का प्रशिक्षण ले रहे केंद्र के प्रशिक्षुओं ने उन्हें पानी में डूबते देखा तो शोर मचा दिया। केंद्र के प्रशिक्षक और अन्य लोगों ने बोट लेकर रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया लेकिन जब तक डॉ. अमित भल्ला को बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
फतेहपुर अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने डा. अमित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया गया। थाना प्रभारी मनोहर चौधरी ने कहा कि फतेहपुर पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।