गांव लालूवाल में नशे में धुत व्यक्ति को ढाबे के मालिक ने जब गालियां निकालने से रोका तो उसने मारपीट कर डाली।
- फोटो : Demo Pic
ऊना जिले के गांव लालूवाल में चार लोगों ने मिलकर एक ढाबा मालिक को पीट डाला। इतना ही नहीं हमलावरों ने ढाबे में तोड़फोड़ भी कर डाली। मारपीट में ढाबा मालिक को गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए हरोली अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार त्रिलोक चंद निवासी लालूवाल ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह एक ढाबा चलाता है। शनिवार देर रात उसके ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। तभी नशे में धुत एक व्यक्ति ढाबे के बाहर गालियां निकालने लगा। ढाबा मालिक ने जब ऐसा करने से मना किया तो वह उसके साथ उलझ गया और देखते ही देखते उससे मारपीट करनी शुरू कर दी है।
स्थानीय दुकानदारों ने बीच बचाव करते हुए दोनों को छुड़वाया। इसके बाद आरोपी ने अपने तीन साथियों को फोन करके बुलाया और त्रिलोक चंद के साथ मारपीट की और ढाबे में भी तोड़फोड़ की। उधर, एसएचओ हरोली बिन्नी मिन्हास ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।