सत्संग भवन संजौली के समीप एक निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे मजदूरों पर अचानक मलबा गिर गया। इसमें पांच मजदूर और दो बच्चे मलबे में दब गए। इनमें से डेढ़ साल की बच्ची हेमंती की मलबे में दबने से मौत हो गई। यह यहां काम कर रहे मजदूर सुनील की बेटी थी। सभी मजदूर झारखंड के रहने वाले हैं। मलबा गिरते ही तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस ने दबे लोगों को बचाने का काम शुरू किया।
अग्निशमन दस्ते के मौके पर आने से राहत कार्य में तेजी आई। मलबे में पूरी तरह से दब चुके मजदूर मोहन कुमार, महिला मजदूर सुषमा और मजदूर श्रीकांत के तीन साल के बेटे सूरज को उपचार के लिए तत्काल आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया। सभी घायलों की हालत स्थिर है, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश ने कहा कि केवल एक डेढ़ साल की बच्ची की मौत हुई है।