जनरल अफसर (जीओ) मैस में तैनात सीआरपीएफ कर्मी (अरदली) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के वक्त कुछ अधिकारियों की मौजूदगी में वह खाना बना रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक शिव कुमार हिमाचल के बिलासपुर का रहने वाला था।
वह सीआरपीएफ की 76 बटालियन छन्नी में तैनात था। वीरवार सुबह करीब 10 बजे अचानक चली गोली से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार शिव कुमार के पास एके 47 पड़ी हुई थी। गोली उसके गले के निचले हिस्से पर लगी हुई थी। आवाज सुनते ही अन्य कर्मी भी जमा हो गए।
हालांकि, उसे जीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी काट कर आया था। पुलिस ने धारा 174 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है।