सुबह अपने कॉलेज जा रही छात्रा को एक युवक ने जबरदस्ती कार में बिठा लिया और फिर उसे एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुराचार कर दिया। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के धर्मशाला में सामने आया है।
यहां महिला पुलिस थाना धर्मशाला में युवक द्वारा कॉलेज छात्रा के साथ दुराचार करने का मामला दर्ज हुआ है। मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सुरजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पीड़ित कॉलेज छात्रा ने महिला पुलिस थाना धर्मशाला में दर्ज शिकायत में कहा कि कॉलेज जाते समय आरोपी युवक ने अपनी कार उसके सामने लगा दी और जबरदस्ती उसे कार में बिठाकर एक होटल में ले गया जहां आरोपी युवक ने उसके साथ दुराचार किया।
इसके बाद युवक ने उसे कार से कोतवाली बाजार में छोड़ दिया और यह बात किसी को न बताने की धमकी भी दी। घर पहुंचते ही पीड़ित ने परिजनों को जानकारी दी। पीड़ित के परिजनों ने देर शाम धर्मशाला महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
पीड़िता के मेडिकल में दुराचार की पुष्टि हो गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल की सजा भी काट चुका है। एसपी कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।