गत 11 फरवरी को मंडी पुलिस ने भियूली के पास नाका लगाया था। इस दौरान बस में बैठे नेपाली आसमान (19) निवासी व गांव थाना मोहट जिला रूकुम नेपाल के कब्जे से पौने दो किलो चरस बरामद की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी नशे की खेत को मनाली में किसी व्यक्ति को पहुंचाने जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के माध्यम से चरस माफिया तक पहुंचने को जाल बिछाया। 12 फरवरी को पुलिस दल आरोपी के साथ मनाली के लिए रवाना हुआ। यहां पुलिस दिन भर आरोपी के साथ चरस माफिया की तलाश में घूमता रहा। शाम को आरोपी को मंडी थाने लाया जा रहा था। रात करीब आठ बजे वोल्वो बस स्टैंड आलू ग्राउंड मनाली के समीप अंधेरे का फायदा उठाते हुए आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया था।
पुलिस जगह-जगह इसकी तलाश कर रही थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक मंडी ने तीन पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। सोमवार सुबह एएसआई तेज सिंह के नेतृत्व में पुलिस थाना सदर की टीम ने मनाली स्थित नागनी नाला के समीप जगतसुख, मनाली, कुल्लू से जंगल में आरोपी को दबोचा। पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने कहा कि पुलिस हिरासत से भागे नेपाली मूल के युवक को पकड़ लिया गया है।