पत्नी के आत्महत्या मामले में सीडीपीओ सोलन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन पर पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। इनकी पत्नी नीरज शर्मा (45) ने केलटी स्थित आवास में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
महिला के पति हुकम चंद ने बताया था कि उसकी पत्नी मानसिक तनाव में थी, लेकिन नीरज शर्मा के भाई राकेश शर्मा ने हुक्म चंद को मौत का जिम्मेदार ठहराया। इसी आधार पर थाना सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा कायम किया।
मंगलवार देर रात आरोपी की गिरफ्तारी की गई। हुक्म चंद सीडीपीओ के पद पर सोलन में तैनात हैं। राकेश शर्मा ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सोची समझी साजिश है।
दबाव बनाने का आरोप
नीरज शर्मा को मानसिक रोगी साबित करने के लिए आईजीएमसी में मानसिक रोग विभाग से पर्ची बनवाई गई, जबकि घर से उसे एलर्जी की दवा लेने का बहाना लगाकर ले गए। उस पर घर छोड़ने का दबाव बनाया गया। उधर, डीएसपी बलबीर जसवाल ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है।
नौ अक्तूबर को की थी आत्महत्या
नौ अक्तूबर को नीरज का भाई राकेश उसे फोन कर रहा था, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने पड़ोसी से आग्रह किया कि घर जाकर देखें कि सब ठीक है। पड़ोसी जब घर जाकर देखा तो घर की बालकनी में महिला फंदे से झूल रही थी। पड़ोसी ने रात साढ़े नौ बजे लक्कड़ बाजार पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।