हिमाचल के जिला मंडी के बल्ह में देवता के नाम पर जातीय भेदभाव और घर में घुसकर देव भोज फेंकने के मामले के आरोपी नाचन भाजपा मंडल के पूर्व पदाधिकारी की सोमवार को गिरफ्तारी नहीं हुई है। डीएसपी (लीव रिजर्व) अनिल पटियाल मामले की जांच कर रहे हैं। सोमवार को डीएसपी ने घटनास्थल का दौरा किया और वीडियोग्राफी भी की। वहीं, लोगों के बयान भी कलमबद्ध किए। पुलिस का तर्क है कि अभी प्रभावित की कास्ट वेरिफाई की जा रही है। तमाम औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
थाना बल्ह में नरपत गांव त्रयामली डाकघर ब्रिखमणी तहसील थाना बल्ह जिला मंडी ने शिकायत पत्र दिया था कि पहली मार्च को देवता के साथ आए लोगों के लिए जब वह भोजन तैयार कर रहे थे तो आरोपी नरेंद्र कुमार पुत्र देवकीनंदन गांव त्रियांबली उसके घर आया और जातिसूचक शब्द कहे तथा चूल्हे में पानी डालकर खाने की सामग्री को बाहर फेंका और बर्तनों की भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने बल्ह थाना में अभियोग संख्या 65/20 के तहत एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था। उधर, एसपी मंडी गुरेदव शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच का जिम्मा डीएसपी (एलआर) अनिल पटियाल को सौंपा है।