हरियाणा के पंचकूला में कोरोना पॉजिटिव आए बीबीएन के झाड़माजरी स्थित फार्मा उद्योग के क्वालिटी कंट्रोल मैनेजर पुलिस ने सरकार और डीएम के आदेशों की अवहेलना का मामला दर्ज किया है। उद्योग का यह कर्मचारी चोर रास्ते से बद्दी आया और इसने यहां होटल भी बदला। उधर, पुलिस ने बद्दी की दवा कंपनी और दो होटल भी सील कर दिए हैं। पुलिस के मुताबिक पंचकूला में पॉजिटिव फार्मा कंपनी का कर्मचारी 21 अप्रैल को खड्ड के रास्ते बीबीएन से गया। 28 अप्रैल को इसी अवैध रास्ते से वापस आकर कंपनी ज्वाइन की। यहां उसने कंपनी की ओर से लिए गए होटल को बदला और दूसरे होटल में ठहर गया। इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को नहीं दी। एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि उद्योग के कर्मचारी के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कामगार और होटल स्टाफ क्वारंटीन, सैंपल भी लिए
पंचकूला में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बद्दी में हलचल तेज हो गई है। कंपनी ने कर्मचारियों को ठहराने के लिए दो होटल बुक किए थे। इन्हें सील कर दिया गया है। कंपनी में इस समय करीब दो दर्जन लोग फंसे हैं। इनके सैंपल लिए जा रहे हैं। कंपनी में फंसे ज्यादातर लोग हिमाचल के ही हैं। होटल में कार्यरत युवक हिमाचल के ही हैं। जिला पुलिस बद्दी के कप्तान रोहित मालपानी ने बताया कि फार्मा कंपनी में प्रबंधक युवक का परीक्षण पॉजीटिव आया है। यह युवक पांच कई को पंचकूला गया था। वहां इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। व्यक्ति की ट्रैवल हिस्ट्री खंगालते हुए हरियाणा प्रशासन ने इसकी जानकारी सोलन प्रशासन को दी। उसके बाद बद्दी में होटल व संबंधित कंपनी को सील कर यहां कार्यरत कर्मचारियों को क्वारंटीन कर दिया है। युवक का संपर्क इतिहास खंगाला जा रहा है। जिन होटलों में इनको रखा गया है उसमें जाकर भी जांच पड़ताल की जा रही है।