शिमला में थाना ढली के तहत समिट्री में एक रिहायशी मकान से शातिर नगदी और लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गए। घर के सदस्य दिवाली मनाने के लिए गांव गए थे। यह घर एक शिक्षिका का बताया जा रहा है। मंगलवार को जब वह गांव से लौटे तो घर की हालत देखकर उनके होश फाख्ता हो गए।
घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था तथा ताला टूटा हुआ था। पीड़ितों के मुताबिक चोर घर से 25 हजार की नकदी और लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर गए हैं। गायब हुए गहनों में सोने का मंगलसूत्र, कड़ा और बालियां शामिल हैं। पुलिस ने मौके का मुआयना कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
शिक्षिका अपने परिवार के साथ समीट्री में रहती है। दो दिन पहले ही दिवाली के मौके पर शिक्षिका अपने भाई के घर गई थीं। मंगलवार सुबह शिमला लौटीं तो घर का दरवाजा और सामान बिखरा पड़ा मिला। रसोई घर और अलमारी से लेकर दराज तक पूरी तरह से चोरों ने खंगाली थी। चोरों ने तसल्ली से पूरे घर को खंगाला है, इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरों को मालूम था कि घर के सदस्य शहर से बाहर हैं।
घर में सामान इतना बिखरा पड़ा है कि क्या-क्या गायब इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। इसकी लिस्ट तैयार करने में अभी पुलिस को समय लगेगा। महिला डेढ़ माह पहले ही अपने नए घर में शिफ्ट हुई थीं। चोरी की इस घटना से लोगों में दहशत है।
लोगों का कहना है कि अब घर को अकेला छोड़ने में भी डर लग रहा है। दिन के वक्त अगर कहीं बाजार आदि जाना हो तो चिंता सताती रहती है कहीं पीछे से चोरी न हो जाए। लोगों ने पुलिस से आग्रह किया है कि शातिरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।