हिमाचलन प्रदेश सोलन जिला के बद्दी बिलांवाली गांव में देर रात्रि 11 बजे एक व्यक्ति ने दो लोगों को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसमें से एक व्यक्ति की हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
जबकि दूसरे घायल को सीएचसी में इलाज के बाद घर भेज दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमलावर व उसके सभी साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पश्चिम बंगाल की एक युवती देर रात्रि अपने प्रेमी आसाम निवासी अजय के कमरे में पहुंच गई। इस बात की भनक युवती के जीजा अविनाश प्रधान को लग गई।
युवती ने जाने से किया इंकार
इस पर अविनाश अपने तीन साथी हीरा लाल, आनंद शर्मा व विशाल अपनी पत्नी व साली को लेकर बिलावांली स्थित किराये में कमरे में रह रहे अजय के पास पहुंच गए।
वहां पर साली को घर जाने के लिए दबाव बनाने लगे, लेकिन युवती ने जाने से इंकार कर दिया। अविनाश उसके साथ जोर जबरदस्ती करने लगा।
जब अजय उसके बचाव में आगे आया तो अविनाश व उसके साथियों ने अजय की जमकर धुनाई कर दी। शोर सुनकर अजय के दोस्त राज कुमार, एंजिल व जॉन मुंडा भी मौके पर पहुंच गए।
पेट में घोंपा चाकू
अजय को राज कुमार छुड़ाने लगा तो अविनाश ने राज कुमार के पेट में चाकू घोंप दिया। उसके बाद वह जॉन मुंडा पर वार किया, लेकिन उसने बचाव किया जिससे चाकू उसकी जांघ में लगा। उसके बाद अविनाश वहां से भाग गया।
घायलों को बद्दी स्थित सीएचसी पहुंचाया गया जहां से राजकुमार को पीजीआई रेफर कर दिया गया। जबकि जानमुंडा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने अविनाश प्रधान, हीरा लाल, आनंद शर्मा, विशाल, कुमारी सनती व पूजा को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने धारा 147, 148, 149, 324 व 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।