पेड़ में रस्सी का फंदा लगाकर युवक ने अपनी जान दे दी। उसकी पहचान बड़वास निवासी 25 वर्षीय रामचंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामचंद्र कई दिनों से पारिवारिक विवाद को लेकर दुखी था।
युवक सोमवार को रोजमर्रा की ड्यूटी करके पांवटा से अपने घर बड़वास की ओर जा रहा था। युवक के घर न आने पर ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह जंगल में उसकी तलाश शुरू की तो उसे पेड़ से लटका हुआ पाया। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
राजबन पुलिस से एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रामचंद्र की शादी करीब चार साल पहले हुई थी लेकिन कुछ समय से रामचंद्र तनाव में था।
रामचंद्र के दो बच्चे हैं। जबकि पत्नी गर्भवती बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पांवटा अस्पताल भेज दिया है।
उधर, राजबन पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि शुरूआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी तमाम पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। शव के आसपास किसी भी तरह का सूसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
शिलाई क्षेत्र की पंचायत कमरऊ निवासी युवती ने गलती से जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस को सूचित किया। एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
युवती की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शिलाई क्षेत्र की कमरऊ पंचायत निवासी सुमन (21) पुत्री सूरत सिंह ने गलती से देर शाम घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे एंबुलेंस में अस्पताल लेकर आए।
एसएमओ डॉ. कमाल पाशा ने बताया कि सुमन को प्राथमिक उपचार दिया गया लेकिन उसकी हालत गंभीर थी। लिहाजा उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस चौकी राजबन को भी सूचना दे दी गई। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है।