थाना क्षेत्र कालाअंब के तहत एक लोह उद्योग की भट्टी में विस्फोट होने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी सौम्या साम्बशिवन ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि सुरेंद्र सिंह निवासी गांव न्योहट्टा जिला गया बिहार ने कालाअंब थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि वह जोहड़ों स्थित अंबा फैक्टरी में कार्य करता है।
बीते मंगलवार को जब वह कंपनी में काम कर रहा था तो उसके साथ दो अन्य मजदूर राजू ठाकुर व मनोज लोहे की भट्टी के पास काम कर रहे थे। इसी दौरान भट्टी में एकाएक हल्का विस्फोट हुआ।
भट्टी से उछलकर लोहे का एक गर्म टुकडा राजू ठाकुर की गर्दन पर लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने कच्चे माल की छंटाई किए बिना ही लोहे को पिघलाने का कार्य शुरू कर दिया, जिस कारण यह हादसा हुआ।
एसपी ने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन पर धारा 287 एवं 304ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।