शिमला के ब्योलिया में कार हादसे में हुई जितेंद्र की संदिग्ध मौत के बाद मंगलवार को परिजनों की शिकायत के आधार पुलिस ने पत्नी और सास ससुर के खिलाफ थाना छोटा शिमला में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जितेंद्र के चचेरे भाई अनिल का मोबाइल भी कब्जे में ले लिया है।
जिस पर जितेंद्र ने मौत को गले लगाने से पहले कॉल कर मौत का जिम्मेदार अपनी बीबी और सास ससुर को ठहराया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है, जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। शनिवार शाम को हादसे से पहले जितेंद्र ने अनिल को कॉल कर कहा था कि मेरी मौत की जिम्मेदार पत्नी और सास ससुर हैं। इनसे तंग आकर मैं मर रहा हूं।
मेरे परिवार का ख्याल रखना। जितेंद्र ने अनिल से कहा कि वह जो बोल रहा है उसकी मोबाइल पर रिकार्डिंग करें। हालांकि दूसरी ओर से अनिल उसे समझाने की कोशिश करते हुए बार - बार यही पूछ रहा था कि आप अभी कहां हो सब ठीक हो जाएगा कोई गलत कदम मत उठाना। बाद में सूचना मिली कि उनके घर के इकलौते चिराग की गाड़ी दोची के पास गिर गई है।
हादसे में जितेंद्र की मौत हो गई। जितेंद्र की शादी एक साल पहले हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी घर से अलग रहने की जिद्द करने लगी। इसी बीच वह मायके चली गई। दोनों में समझौता हुआ लेकिन बात न बनी। महिला थाना न्यू शिमला में भी जितेंद्र ने गुहार लगाई। वहां भी जितेंद्र को ही गलत ठहराया गया। उसे पीटा गया।
चचेरे भाई की शिकायत पर हुआ मुकदमा
जितेंद्र के चचेरे भाई अनिल शर्मा और अन्य की ओर से दी गई शिकायत में कहा है कि उसकी पत्नी और सुसराल वाले जितेंद्र को तंग कर रहे थे। शनिवार को जितेंद्र शोघी में शादी में था। शाम करीब पांच बजे जितेंद्र की पत्नी वहां अपनी गाड़ी में आई। वहां उसके साथ मारपीट की और अपनी गाड़ी में लेकर वह उसे वहां से चल पड़ी।
इस बात के गवाह वहां मौजूद लोग हैं। इनके नाम भी शिकायत पत्र में दे रखे हैं। हादसे से पहले जितेंद्र ने अनिल शर्मा को कॉल कर अपना अंतिम बयान रिकार्ड करवाया। डीएसपी सिटी बलबीर सिंह ने कहा कि जितेंद्र की पत्नी और उसके सास ससुर के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।