हिमाचल के मंडी जिले के बस्सी गांव में दुकान में चाय पीने बैठे दो युवकों में आपस में कहासुनी हो गई। जिससे एक युवक ने दूसरे युवक की गर्दन पर खुखरी से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को मंडी अस्पताल से पीजीआई रेफर किया गया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने हमला करने वाले आरोपी युवक के खिलाफ हत्या करने का प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दोनों युवकों के परिवारों में काफी समय से रंजिश चली आ रही है। पुलिस के अनुसार घायल युवक दौलत राम पुत्र भूप सिंह निवासी बस्सी एक टी स्टॉल में चाय पीने के लिए गया था।
इस दौरान वहां युवक रमेश कुमार पुत्र हरीमन निवासी बस्सी भी पहुंच गया, वे बद्दी में काम करता है। दौलत राम ने रमेश कुमार को उसकी बाइक में गोहर जाने का आग्रह किया, लेकिन रमेश कुमार गोहर जाने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात से दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
रमेश ने बैग में रखी खुखरी निकाल कर चाय पी रहे दौलत राम की गर्दन पर वार किया। जिससे दौलत राम लहूलुहान हो गया। घायल दौलत राम को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहर लाया गया। जहां से उसे 108 एंबुलेंस से मंडी अस्पताल रेफर किया गया। दौलत राम की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
वारदात के बाद हमलावर रमेश बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर तफ्तीश शुरू कर दी है तथा सभी थानों को बाइक नंबर बताकर अलर्ट जारी कर दिया है। एसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस फरार आरोपी की धरपकड़ में जुट गई है।