सीआईडी एवं क्राइम ब्रांच शिमला की एक संयुक्त टीम ने सिरमौर जिला के ग्राम पंचायत नेईनेटी के एक व्यक्ति से साढ़े छह हजार की जाली करेंसी पकड़ी है। उसके पास से 500-500 के नोट मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईडी के डीएसपी विजय शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि नेईनेटी पंचायत के धरोली निवासी सुरेंद्र के पास से नकली नोट बरामद हुए हैं।
उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर चेतराम ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस दल ने मंगलवार देर सायं सुरेंद्र कुमार से नकली नोट बरामद किए।
पुलिस इस बात का पता लगाएगी कि यह नकली नोट कहीं गलती से उसके पास आ गए या कहीं वह किसी नकली नोट चलाने वाले गिरोह का हिस्सा है। पुलिस के अनुसार उक्त व्यक्तिकी माली हालत बहुत खराब है ऐसे में लगता है उसे किसी ने नकली नोट थमा दिए हैं।