हिमाचल के कुल्लू जिले के आनी के विधायक किशोरी लाल भी हैकर्स के निशाने पर आ गए हैं। उनका फेसबुक एकाउंट हैक हो गया। हैकर्स ने फेसबुक मैसेंजर से उनके फेसबुक दोस्तों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग करनी शुरू कर दी। अचानक विधायक की ओर से आर्थिक सहयोग की मांग देखकर हर कोई हैरान हो गया। कुछ लोगों ने सोचा शायद विधायक कोरोना संकट की इस घड़ी में राहत राशि की मांग कर रहे हों ताकि जरूरतमंदों की मदद की जा सके।
असमंजस के बीच बैंक में बतौर प्रबंधक काम कर रहे एक व्यक्ति ने एफबी पर विधायक किशोरी लाल सागर के इस संदेश का संज्ञान लिया और सचेत संस्था से संपर्क किया। सचेत संस्था ने तत्काल विधायक को उनकी फेसबुक आईडी हैक होने की सूचना दी। सूचना पाकर विधायक ने तत्काल अपनी एफबी आईडी का पासवर्ड बदला। साथ ही फेसबुक मित्रों और अन्य लोगों से अपील की कि उनके मैसेंजर से आने वाले ऐसे संदेश के झांसे में न आएं और अगर किसी को असमंजस हो तो वह उनसे संपर्क करें। विधायक किशोरी लाल ने बताया कि इस बाबत पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी है।