बल्देयां के समीप सड़क हादसे में थोक व्यापारी की मौत सवाल खड़े कर रही है। उगाही कर लौट रहे व्यापारी की सड़क हादसे में मौत हो गई, पुलिस को मौके पर केवल व्यापारी के जेब से एक पर्स मिला। इसमें करीब नौ हजार रुपये थे।
पुलिस का दावा है कि यह पर्स उन्होंने व्यापारी के परिजनों के सपुर्द कर दिया था। लेकिन बड़ा सवाल है कि उगाही का पैसा कहां गायब हो गया? विनायक पुरी बड़ा थोक व्यापारी था और लाखों का सामान उधार पर छोटे व्यापारियों को देता था।
छोटे व्यापारी सामान की बिक्री के बाद पैसा विनायक को देते थे। इसी पैसों को लेने के लिए वीरवार को अकेले स्कारपियो गाड़ी में उगाही के लिए निकले थे। पैसा इक्ट्ठा कर जब वह लौट रहे थे उस समय हादसा हो गया।
पुलिस ने दिए जांच के निर्देश
अंदेशा जताया जा रहा है कि उनके पास लाखों की रकम थी लेकिन पुलिस को घटनास्थल से उगाही का कोई नया पैसा भी नहीं मिला। किसी गड़बड़झाले के अंदेशे से पुलिस महकमे ने जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं।
थाना प्रभारी ने उन्हें बताया कि केवल व्यापारी की जेब में पर्स था, उसमें करीब नौ हजार थे, जो उसके परिजनों को दिए गए। अगर व्यापारी पैसों की उगाही के लिए आया था तो वह रकम कहां गई?