हमीरपुर जिला के क्षेत्र के बल्याह में ट्रक के नीचे आने से एक शिक्षक की मौत हो गई। शिक्षक बाइक पर घर जा रहा था। शिक्षक प्रेम चंद पुत्र प्रभु राम (55) थाना ब्राहाणा, बड़सर का निवासी था। वह राजकीय हाई स्कूल बल्याह में शास्त्री अध्यापक के पद पर कार्यरत था।
हादसे में शिक्षक की मौत होने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार दोपहर बाद तीन बजे शिक्षक प्रेम चंद बाइक पर मैहरे बाजार से घर जा रहा था। बल्याह स्कूल से मात्र 30 मीटर दूरी पर सामने आ रहे ट्रक से बाइक टकरा गई।
इससे प्रेम चंद ट्रक के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने ट्रक चालक राज कुमार पुत्र जगदीश चंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी राजेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है तथा हादसे की तफ्तीश की जा रही है।