कुल्लू के बंजार के साथ सटे चिलाधार के पास एक जायलो कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं।
घायलों को बंजार के अस्पताल में इलाज के लिए भरती करवाया गया है। यह जायलो कार कुल्लू से टील जा रही थी। कार में सवार सभी लोग कुल्लू में सोनिया गांधी की रैली में भाग लेने के बाद अपने घर जा रहे थे।
बंजार पुलिस ने मामला दर्जकर हादसे का कारणों का पता लगाने में जुट गई है। हादसे में खमराड़ा निवासी दया राम तथा उनके बेटे रोशन लाल और टील निवासी लाल चंद तथा नंद लाल की दर्दनाक मौत हो गई है।
वहीं, जगदीश, तेजा सिंह, प्रीतम सिंह, मंगत राम तथा निका राम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वाहन में सवार सभी लोग टील तथा बछूट गांव के बताए जा रहे है।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों तथा घायलों को घटना स्थल से सड़क पर पहुंचाया गया। घायलों को इलाज के लिए बंजार अस्पताल में दाखिल किया गया है।