सोशल मीडिया में दुर्गा माता पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के खिलाफ पुलिस स्टेशन बद्दी में शिकायत की गई है। कांग्रेस नेता ने यह पोस्ट केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के किसी भाषण के अंक को संपादित करते हुए फेसबुक पर डाली थी जिसे बाद में डिलीट कर दिया लेकिन तब तक हजारों लोगों ने इसके स्क्रीन शॉट ले लिए थे। जिला भाजपा सचिव बलविंद्र ठाकुर ने कांग्रेस नेता को फटकार लगाते हुए कमेंट में लिखा कि डिलीट दिस। इसके बाद विवाद बढ़ता देख कांग्रेस युवा नेता ने यह विवादित पोस्ट डिलीट कर दी।
हिंदू जागरण मंच के प्रदेश अध्यक्ष केसी सडयाल, महामंत्री आकाशदीप सडयाल, प्रदेश सचिव ऋषि ठाकुर धर्म जागरण मंच के संदीप सचदेवा, बद्दी विकास मंच के अध्यक्ष बेअंत ठाकुर, शहरी भाजपा अध्यक्ष तरसेम चौधरी व बद्दी सुधार सभा के अध्यक्ष संजीव कौशल ने कहा कि मां दुर्गा के प्रति ऐसी अशोभनीय टिप्पणियां उचित नहीं हैं। हिंदू जागरण मंच के बद्दी इकाई के अध्यक्ष हरभजन सिंह ठाकुर ने कहा कि मंच ने पुलिस स्टेशन बद्दी में शिकायत पत्र सौंपा है। थाना प्रभारी बद्दी लखवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।