फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चलती कार में छात्रा से दुष्कर्म मामले की विधायक विक्रमादित्य ने मांगी सीबीआई जांच

Fri, 17 May 2019 10:27 AM IST
शिमला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
- फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने राजधानी में 28 अप्रैल को चलती कार में छात्रा से हुए दुष्कर्म मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की है। उन्होंने वीरवार सुबह करीब 9 बजे फेसबुक लाइव के माध्यम से दुष्कर्म मामले पर पोस्ट डाली है। इसमें विधायक ने अमर उजाला के प्रथम पृष्ट पर प्रकाशित छात्रा के बयान आधारित खबर को पढ़कर भी सुनाया।

विज्ञापन


उन्होंने पोस्ट में साफ तौर पर कहा है कि कांग्रेस इस मामले की जांच सीबीआई से करवाने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेगी, ताकि मामले की सच्चाई सामने आए और पीड़ित को न्याय मिल सके। विक्रमादित्य ने कहा कि छात्रा से दुराचार के इस मामले की जांच में पुलिस राजनीतिक दबाव में और अपने राजनीतिक आकाओं के कहने पर कार्य कर रही है। पीड़ित के बयान के मुताबिक मामले को दबाने का प्रयास किया गया। अब जबकि पीड़ित ने खुलकर समाचारपत्र के माध्यम से अपनी बात सामने लाई है, तो इस घटना की जांच को प्रदेश सरकार सीबीआई को सौंपे और जांच उच्च न्यायालय की निगरानी में आगे बढ़े ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

विधायक ने पोस्ट में कहा है कि मैं इस मामले का राजनीतिकरण करने के पक्ष में नहीं हूं लेकिन मामले में जिस तरह से पुलिस दबाव में काम कर रही है, इससे जांच प्रभावित हो रही है। चुनाव ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है लेकिन राजधानी में छात्रा से दुष्कर्म जैसी इस संगीन घटना की जांच और महिलाओं की सुरक्षा अहम है। अब तक प्रदेश सरकार के आदेशों पर मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी के मुखिया और पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो, जिन्होंने पीड़ित पर बयान बदलने और चुनाव के समय में राजनीतिक आकाओं के कहने पर मामले को दबाने का प्रयास किया और जांच की ढील बरती है।
विज्ञापन


शिमला पुलिस की अपील, हम पर बनाए रखें विश्वास
शिमला। विधायक ने वीरवार सुबह फेसबुक लाइव पर शिमला में युवती से हुए दुष्कर्म मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई। शाम 5:05 बजे शिमला पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर सोशल मीडिया पर भ्रांतियां फैलाने की घटना करार दे दिया। शिमला पुलिस ने शहर के लोगों से पुलिस पर अपना विश्वास बनाए रखने की अपील की है। तर्क दिया है कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है, एफएसएल रिपोर्ट आनी बाकी है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पृष्ट हो जाएगी। सोशल मीडिया पर तथ्यहीन बातें कही जा रही हैं जिनका कोई आधार नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें