पुलिस थाना बड़सर में एक व्यक्ति के खाते से चार लोगों ने छह लाख रुपये का लोन लेकर राशि हड़प ली। पीड़ित व्यक्ति को इसका पता उस समय चला, जब वह बैंक में अपने लोन की ट्रांजेक्शन करवाने गया। उसे पता चला कि खाते से छह लाख रुपये लोन लिया गया है, जबकि उसने महज बाइक के लिए ही लोन लिया था।
यह लोन भी उन्हीं लोगों ने उसे दिलवाया था, जिन्होंने राशि हड़पी है। मामले में शाखा प्रबंधक सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने कोर्ट के माध्यम से आरोपियों को नोटिस भेजा। न्यायालय ने छानबीन के लिए मामला बड़सर पुलिस को सौंपा है।
जसविंद्र सिंह निवासी मकड़ी, झंडूता ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह बड़सर से सटे बिलासपुर जिले के एक निजी गेस्ट हाउस में वर्ष 2015 में नौकरी करते थे। पंजाब नेशनल बैंक शाखा हरसौर से उनके नाम पर चार लोगों ने छह लाख का लोन ले लिया। शिकायत के मुताबिक पीड़ित ने कहा कि गेस्ट हाउस मालिक ने उन्हें वेतन डालने के लिए पंजाब नेशनल बैंक हरसौर की शाखा से खाता खुलवाया।
फिर उनके नाम पर बाइक के लिए लोन दिलवाया, लेकिन लोन की किस्तें पूरी भरने के बाद भी जब अपने नाम पर छह लाख के लोन का पता चला तो उन्होंने आरोपियों से बात की, लेकिन समस्या का समाधान न होते देख पीड़ित ने उस समय कोर्ट के माध्यम से आरोपियों को नोटिस जारी करवाया। आरोपियों ने उनके हस्ताक्षर करवाकर लोन ले लिया था।
अब कोर्ट ने मामला पुलिस के पास जांच के लिए भेजा है। थाना प्रभारी जगदीश चंद का कहना है कि कोर्ट के आदेशानुसार बैंक शाखा प्रबंधक सहित चार लोगों पर केस दर्ज किया गया है।