शिमला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शिमला प्रवास के लिए शहर में पुख्ता इंतजामों के बीच ढली में शरारती तत्वों ने चार वाहन फूंक डाले। तीन कार और मोटरसाइकिल को थाना से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर जला दिया।
एक कार हरियाणा, एक चिड़गांव तो एक कार स्थानीय निवासी की थी। ढली सड़क पर गश्त कर रही पुलिस की एक टीम ने रात ढाई बजे बजे कारों में आग लगी हुई देखी। इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई। दमकल विभाग जब तक मौके पर पहुंचता। तीन कारें और मोटरसाइकिल पूरी तरह से जल गए थे।
राष्ट्रपति के शिमला दौरे के दौरान शहर की मुख्य सड़कें खाली कर रखी है। सड़क किनारे कोई भी गाड़ी खड़ी करने पर प्रतिबंध लगा रखा है। ऐसे में गाड़ी मालिकों ने गाड़ियां ढली-भट्ठाकुफर सड़क पर खड़ी कर रखी हैं। यह गाड़ियां भी प्रभाकर ऑटो मोबाइल के समीप ढांक की तरफ खड़ी थी।
अंदेशा जताया जा रहा है कि वारदात के पीछे नशेड़ियों का हाथ हो सकता है। पुलिस ने सड़क किनारे लगे आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों को अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
वहीं , पुलिस ने बुधवार को मौके पर फोरेंसिक की टीम भी पहुंची और राख के सैंपल लिए। जांच में साफ हो पाएगा कि गाड़ियों को जलाने के लिए किस चीज का इस्तेमाल किया गया। गाड़ियों के जलने की घटना के पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है या फिर किसी दूसरी वजह से गाड़ियों में आग लगी।
ढली थाना में मामला दर्ज : एसपी
एसपी शिमला ओमापति जमवाल ने कहा कि थाना ढली में मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है। वाहनों को आग लगाने वालों की पुलिस तलाश कर रही है।