विदेश भेजने और वहां पर नौकरी लगाने का झांसा देकर एक शख्स ने पांच युवकों से लाखों की ठगी कर दी। सुन्नी के सोम प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साल 2015 में कोटखाई का रहने वाला एक व्यक्ति मिला। उसने कहा कि वह उन्हें विदेश में नौकरी दिलवा सकता है।
नौकरी दिलवाने और विदेश भेजने के एवज में आरोपी ने शिकायतकर्ता से दो लाख रुपयों की मांग की जिस पर उसने आरोपी को कोर्ट में एग्रीमेंट कर दो लाख रुपये दे दिए। सोम प्रकाश के साथ साथ उसके चार दोस्त भी उसके झांसे में आ गए और उन्होंने ने भी उसे दो-दो लाख रुपये की राशी दे दी, लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी उन्हें विदेश न भेज पाया और पैसे भी वापस नहीं लौटा रहा था।
पीड़ितों ने थाना बालूंगज में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विदेश भेजने के नाम पर जो रकम उन नौजवानों से ली थी वह उसने उन्हें विदेश भेजने के लिए पंजाब के एक शख्स को दी थी लेकिन वह उन्हें विदेश नहीं भेज पाया। पुलिस अधीक्षक डीडब्लयू नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।