आबकारी एवं राज्य कर विभाग ने हमीरपुर के भोरंज में एक कारोबारी से 38 लाख का सोना पकड़ा है। विभाग ने कोई बिल और टैक्स की रसीद प्रस्तुत न करने पर कारोबारी को 2.30 लाख रुपये का जुर्माना ठोका। भोरंज के बस्सी बाजार में गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की गई। सोने के साथ पकड़ा गया कारोबारी पंजाब के अमृतसर का था। वह सोना बेचने भोरंज आया था। सूचना मिलने पर एक्साइज विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर टीम का गठन किया।
टीम का नेतृत्व सहायक आबकारी एवं राज्य कर आयुक्त रविंद्र चौधरी ने किया। सहायक आबकारी एवं राज्य कर आयुक्त प्रोबेशनर शुभम धीमान, राज्य कर अधिकारी हंसराज वर्मा और विकास शर्मा भी शामिल रहे। पहले भी एक्साइज विभाग ने भोटा और भोरंज में कुछ दिन पूर्व लाखों की चांदी और सोने के आभूषण पकड़े थे। उधर, उपायुक्त आबकारी एवं राज्य कर नविंद्र सिंह ने कहा कि भोरंज के बस्सी में पंजाब के एक कारोबारी से 38 लाख का सोना पकड़ा है। संबंधित कारोबारी से 2.30 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है।