अमर उजाला ब्यूरो
भवारना/मारंडा(कांगड़ा)। इलाके दैहण के पास पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (पीटीसी) डरोह की एक स्कूल बस सड़क के बीच पलट गई है। इससे दो बच्चों को चोटें आई है। बच्चों को इलाज के बाद घर भेज दिया है। बस माउंट कार्मल स्कूल से बच्चों को लेकर डरोह जा रही थी कि दैहण के पास यह सड़क के बीचों बीच पलट गई है। बस के नीचे एक कार और एक बाइक भी दब गई है।
दुर्घटना के समय बाइक खड़ी थी और कार वहां से गुजर रही थी। कार में बैठे पति-पत्नी और उनकी बच्ची को भी चोटें आई हुई हैं।
बताया जा रहा है कि पीटीसी के चालक ने शराब पी रखी थी। इसका मेडिकल करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार वीरवार को दोपहर बाद पीटीसी की स्कूल बस (इसमें सभी बच्चे पीटीसी डरोह के ही थे) माउंट कार्मल स्कूल से पीटीसी डरोह बच्चों को लेकर जा रही थी। स्कूल बस में करीब 40 बच्चे थे। जब यह बस दैहण के पास पहुंची तो वहां पर सड़क पर पलट गई। इससे दो बच्चों को चोटें आई। बच्चों को 108 एबुलेंस में पालमपुर अस्पताल लाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। उधर, डीएसपी विकास धीमान ने कहा कि बस चालक अमित कुमार के खिलाफ थाना भवारना में दफा 279 और 337 के तहत केस दर्ज कर लिया है। बच्चों को इलाज के बाद घर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक का पुलिस ने मेडिकल करवा लिया है।