कोटगढ़ के पमलाई में मंदिर से चोर 200 साल पुरानी आराध्य डोम देवता की मुख्य मूर्ति चुरा ले गए। चोरों ने खिड़की तोड़कर अष्टधातु की मूर्ति उड़ा ली। चोरी की जानकारी पुजारी अमीचंद ने मंदिर कमेटी को दी।
उन्होंने कहा कि सुबह वह जब मंदिर पहुंचे तो पाया कि मंदिर के मुख्य द्वार को तोड़ने की कोशिश की गई है। चोर मुख्य द्वार को तोड़ने में तो सफल नहीं हुए, लेकिन खिड़की तोड़ कर मंदिर से मूर्ति ले गए।
कमेटी ने पुलिस की मौजूदगी में मुख्य द्वार खोला तो देवता की अष्टधातु से बनी लगभग डेढ़ किलो की मुख्य मूर्ति गायब थी। इसके अलावा चांदी का छत्र, चांदी का कमंडल और चांदी का धनेरा भी चोर ले उड़े, जो कि लगभग एक किलो के आसपास था।
पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। कमेटी प्रधान प्रेम ने बताया कि अष्टधातु से बनी मूर्ति बेशकीमती है। डीएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि मूर्ति चोरी मामले की तफ्तीश की जा रही है।