आयकर विभाग ने कांगड़ा जिले के दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सर्वे कर करोड़ों की कर चोरी का खुलासा किया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार धर्मशाला के एक मार्बल ट्रेडिंग कंपनी की कर चोरी की शिकायत पर आयकर विभाग की टीमों ने सर्वे किया। सर्वे के दौरान दस्तावेजों से अकेले मार्बल ट्रेडिंग कंपनी से 1.10 करोड़ रुपये की अघोषित आय का खुलासा हुआ है। विभागीय अधिकारी अभी भी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं और बताया जा रहा है कि यह राशि अभी और बढ़ सकती है।
उधर, विभाग की एक अन्य टीम ने धर्मशाला के एक प्रतिष्ठित होटल का भी सर्वे किया है। फिलहाल होटल मालिक प्रदेश से बाहर होने की वजह से जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि यहां भी लाखों की अघोषित आय का खुलासा होने की संभावना है। विभागी अधिकारियों का कहना है कि कई अन्य संस्थानों की भी जांच की जा रही है और आने वाले समय में उन पर भी कार्रवाई की जा सकती है।