किक बॉक्सिंग के नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कपिल के पिता की सोते हुए पड़ोसी पिता-पुत्र ने तेजधारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। हमला बीती रात करीब दस बजे किया गया। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया जबकि पिता की तलाश जारी है। मामला हरियाणा के महेंद्रगढ़ के पाथेड़ा गांव का है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के छोटे भाई हरि सिंह ने बताया कि उसका बड़ा भाई बहादुर सिंह मजदूरी करता था। उसका इकलौता बेटा 18 वर्षीय कपिल मामा के घर रेवाड़ी जिले के गांव खोरी भांडोर में रहता है। गुरुवार की रात करीब दस बजे उन्हें बहादुर सिंह के घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब वह घर की ओर दौड़ा तो तो वहां से संदीप और उसके पिता गोविंद को निकलते देखा।
अंदर जाकर देखा तो बहादुर सिंह चारपाई पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके सिर और गर्दन पर तेज धारदार हथियार से हमला किया गया था। गर्दन से काफी खून बह चुका था। घायल अवस्था में बहादुर सिंह को लेकर उप-नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आठ गोल्ड मेडल जीत चुका है कपिल
मृतक बहादुर सिंह का बेटा कपिल किक बॉक्सिंग का नेशनल खिलाड़ी है। वह तीन बार नेशनल में गोल्ड मेडल हासिल कर चुका है। पांच बार स्टेट लेवल पर स्वर्ण पदक जीत चुका है। हाल ही में दिसंबर-2018 में भी कपिल ने किक बॉक्सिंग की नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था।
शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। एक आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी गोविंद की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहे हैं। आरोपी पिता-पुत्र हैं। बहादुर सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
रूपलाल शर्मा, थाना प्रभारी , महेंद्रगढ़