कबायली क्षेत्र पांगी में विवाहिता की आत्महत्या के मामले में मृतका के पिता के बयानों के आधार पर उसके पति, सास, ससुर, जेठ और दोनों ननदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही हिरासत में लिए लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 और 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी तफ्तीश कर रही है।
जानकारी अनुसार 25 अक्तूबर 2018 को पुलिस थाना पांगी के कार्य क्षेत्र में 19 वर्षीय विवाहिता ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने साक्ष्य उपलब्ध ना होने की वजह से पुलिस थाना पांगी मे 174 के तहत मामला दर्ज किया गया। लड़की के पिता महिन्द्र की मांग पर उक्त विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम चंबा अस्पताल में करवाया गया था।
7 नबंवर को विवाहिता के पिता ने पुलिस थाना पांगी मे बयान दर्ज करवाए कि उनकी बेटी से पति, सास, ससुर, जेठ और दो ननदें मारपीट करती थीं। इससे तंग आकर ही बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है। पिता के बयानों के आधार पर विवाहिता के ससुर महेश दास, सास गुड्डी देवी, संजीव कुमार, जेठ मेहर दत्त, ननद शिमलु देवी और शीला देवी खिलाफ पुलिस थाना पांगी मे भारतीय दंड संहिता की धारा 306 ए 34 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस ने आगामी कार्रवाई करते हुए रविवार को सभी आरोपियों को पुलिस हिरासत मे ले लिया गया है। पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने मामले की पुष्टि की है।