अमर उजाला ब्यूरो
शिमला।
परिवहन विभाग ने वीरवार को ओल्ड बस स्टॉपेज पर 24 बसों के चालान किए। बेतरतीब से स्टॉपेज पर बसें मोड़ने और जाम लगाए जाने पर विभाग ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। इसके अलावा बसों में ओवर लोड सवारियां और चालक-परिचालकों के वर्दी में न होने पर भी चेतावनी दी गई। परिवहन विभाग के आरटीओ भूपिंद्र अत्री की अगुवाई में टीम पुराना बस अड्डा पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
आरटीओ भूपिंद्र अत्री ने बस चालकों को बताया कि ओल्ड बस अड्डा अब डि-नोटिफाई हो गया है। अब यह बस अड्डा नहीं बल्कि बस स्टॉपेज है। समयसारिणी के अनुसार ही स्टॉपेज पर बस खड़ी होंगी। उन्होंने एचआरटीसी की करीब 10 बसों के भी चालान किए। बस चालकों को हिदायत दी गई कि वह हर बसों में समयसारिणी लगाएं। ताकि लोगों को पता चल सके कि बस चलाने का क्या समय है। उन्होंने कहा कि लगातार स्टॉपेज पर बसें मोड़ने से सड़कों में जाम लग रहा है।
---
एडीएम भी पहुंची मौके पर
कार्रवाई के दौरान शिमला एडीएम भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने भी चालकों परिचालकों को हिदायत दी की। उन्होंने दोटूक कहा कि इस तरह की मनमानी हरगिज बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने बसों में स्टीरियो न बजाए जाने की भी हिदायत दी।