चंबा। चंबा पुलिस के पीओ सैल ने उद्घोषित अपराधी को शिमला के ननखड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उसकी पहचान मोहिंदर सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी सेई-कोठी तहसील चुराह के रूप में हुई। जिसे वीरवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे 23 सितंबर तक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना तीसा में उक्त आरोपी के खिलाफ पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। इसमें छेड़छाड़ व चोरी के मामले शामिल हैं। वर्ष 2012 में आरोपी के खिलाफ थाना तीसा में लापरवाही से वाहन दुर्घटनाग्रस्त करने का मामला भी दर्ज किया गया था। न्यायालय में आरोपी हाजिरी नहीं दे रहा था। जिस पर कोर्ट ने इसे जून 2017 में उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया। इससे पहले भी यह दो अन्य मामलों में उद्घोषित अपराधी घोषित हुआ था। इसके बाद पीओ सैल की टीम ने पिछले वर्ष भी उसे गिरफ्तार किया था। मगर कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह फिर कोर्ट में पेश नहीं हुआ। शिमला जिला के ननखड़ी क्षेत्र से पीओ सैल की टीम ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके खिलाफ पुलिस थाना तीसा में अदालत की अवमानना को लेकर एक और केस दर्ज किया गया है। पीओ सैल की टीम में मुख्य आरक्षी हामिद मोहम्मद, आरक्षी रविंदर, आरक्षी नितेंद्र और महिला आरक्षी रीना राय शामिल शामिल रहे। एसपी चंबा डॉ. वीरेंद्र तोमर ने बताया कि वीरवार को उद्घोषित अपराधी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे 23 सितंबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।