नशे के सौदागरों के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने गुप्त सूचना पर नाकाबंदी के दौरान अजनौली और बंगाणा में एक किलो 808 ग्राम चरस सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम से नशा माफिया में खलबली मच गई है। पुलिस ने दो माह में अब तक 17 मामलों में 22 आरोपियों को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह एसआईयू टीम ने अपर कोटला कलां लिंक मार्ग की ओर डंगोली में नाकाबंदी कर रखी थी।
इसी दौरान अजनौली की ओर से एक व्यक्ति पैदल आ रहा था जो पुलिस को देखकर रुक गया तथा वापस पीछे की ओर भागने लगा। इसे पुलिस ने फौरन काबू करके उसके पीठ पर उठाए बैग की तलाशी ली तो उसमें एक किलो 710 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान निशान चंद निवासी कुंगड़ तहसील पधर जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, दूसरे मामले में शनिवार रात पुलिस गश्त के दौरान बगंाणा बाजार में मौजूद थी। इसी दौरान लठियाणी से ऊना की ओर से जा रहे बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान मोटरसाइकिल चालक ने एक दम भागने की कोशिश की।
पुलिस ने तलाशी लेने पर 98 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने बाइक चालक आरोपी सचिन कुमार निवासी हटली तहसील बगांणा जिला ऊना एवं अंकुश कुमार निवासी डुमखर तहसील बगंाणा जिला ऊना के विरुद्ध अभियोग अधीन धारा 20 मादक पदार्थ द्रव्य
अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।