शिमला। राजधानी से सटे सुन्नी क्षेत्र में एसआईयू टीम ने दो युवकों से अफीम पकड़ी है। इनके कब्जे से 496 ग्राम अफीम बरामद हुई है। आरोपियों की पहचान संजीव कुमार (30) और भुवनेश्वर (27), तहसील अर्की, जिला सोलन के तौर पर हुई है। रविवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से इन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा है।
एसआईयू के प्रभारी अंबी लाल राणा के नेतृत्व में टीम ने बसंतपुर-धामी मार्ग पर नाका लगाया था। इस बीच फॉरेस्ट चैक पोस्ट देवीधार के पास बसंतपुर की तरफ से आ रहे वाहन को रोका गया। इसमें दो युवक सवार थे। हेड कांस्टेबल ललित कुमार ने वाहन की तलाशी के दौरान डैश बोर्ड से मादक पदार्थ बरामद किया। जांचने पर यह पदार्थ अफीम निकली। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपियों में एक दाडलाघाट में फैक्टरी में काम करता है, जबकि दूसरी आरोपी कारोबार करता है। पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि आरोपियों को अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।