हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में तीन तलाक का मामला सामने आया है। मुस्लिम महिला ने पति पर तीन तलाक कह कर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता के दो बच्चे भी हैं। पीड़िता का पति हाईकोर्ट में अधिवक्ता है। तीन तलाक का जिला शिमला में यह पहला मामला दर्ज हुआ है। शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले दिल्ली में उसका भाई हादसे में घायल हो गया था। भाई को देखने वह दिल्ली चली गई। कुछ दिन बाद वापस शिमला आई तो पति ने घर में आने से मना कर दिया और तलाक नामा थमाकर घर से निकाल दिया। मुस्लिम महिला को बीस हजार की मेहर भी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने लक्कड़ बाजार चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है। इधर, पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि तीन तलाक का मामला दर्ज हुआ है। मामले की तफतीश जारी है।