शिमला। दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल (रिपन) से फीमेल हेल्थ सुपरवाइजर के पद से सेवानिवृत्त महिला का गाड़ी में रखा पर्स किसी ने चुरा लिया। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि पर्स में एक लाख रुपये नकद कैश, डायमंड की नोज पिन, सोने की अंगूठी, चांदी के दो कड़े, एटीएम, आधार, पेन कार्ड, कार की डुप्लीकेट चाबी और बैंक की पासबुक थी। महिला ने चोरी की सूचना थाना बालूगंज में दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। मामला बुधवार शाम साढ़े सात बजे का है।
विकासनगर के शिव मंदिर के पास लीला धीमान अपने पति एवं बच्चों के साथ रहती है। बुधवार को वह सोलन स्थित एक कार शोरूम में गाड़ी देखने गई थीं। इस बीच गाड़ी की टेस्ट ड्राइव न होने के बाद वह वहां से बेटे और पति के साथ लौट आईं। शाम सात बजे के करीब वह जब न्यू बस स्टैंड के पास पहुंचीं तो सड़क के साथ लगते मंदिर में चली गईं। वह करीब आधे घंटे तक वहां रुकी। महिला अपने पति और बेटे के साथ जब साढ़े सात बजे बाहर आई तो देखा कि सड़क किनारे खड़ी गाड़ी की ड्राइवर साइड के पीछे का शीशा टूटा है। महिला ने बताया कि चोर ने पीछे रखे सामान को छुआ नहीं है। पहली सीट पर रखे बैग को चोर उड़ा ले गया है। चोरी की घटना के बाद थाना बालूगंज पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पुलिस को भेजा गया। पुलिस ने आसपास के ढारों में रह रहे लोगों के यहां दबिश दी लेकिन कुछ नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन जारी रखी है।
कंडक्टर का बैग भी ले उड़ा चोर
टुटीकंडी बस स्टैंड में देर रात एक चोर बस से कंडक्टर का पैसों से भरा बैग चुरा ले गया। बैग में बारह हजार रुपये का नकद कैश था। बैग चोरी होने की शिकायत थाना बालूगंज में दी है। शिकायत में कहा है कि देर रात ड्राइवर और कंडक्टर ने न्यू बस स्टैंड में बस खड़ी कर सो गए थे। देररात किसी व्यक्ति ने बस का शीशा खोलकर बस में पैसों से भरा बैग चुरा लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।