पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के तारूवाला क्षेत्र के एक 26 साल के युवक ने कुल्हाल नहर में छलांग लगा दी। परिवार में बहस के बाद नाराज होकर उत्तराखंड की तरफ निकला था। पीछे-पीछे परिवार के दो सदस्य भी गए थे। लोगों ने युवक को नहर में छलांग लगाते हुए देखा। लोगों ने बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन नहर में पानी ज्यादा होने के चलते उसका पता नहीं चल पाया। शनिवार देर शाम को उत्तराखंड पुलिस और लोकल गोताखोर व परिजन नहर में उसकी तलाश कर रहे हैं।
शनिवार को उत्तराखंड के ग्राम पंचायत प्रधान कुल्हाल ने पुलिस को सूचना दी। कहा कि एक युवक नहर में कूद गया है। चौकी प्रभारी कुल्हाल भुवन चंद्र पुजारी ने उच्च अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि सुमित पुत्र राजकुमार निवासी तारूवाला पांवटा साहिब जिला सिरमौर अपने घर से किसी बात पर नाराज होकर निकला था। परिजन भी उसके पीछे-पिछे उत्तराखंड सीमा में आए। देखते ही देखते सुमित ने नहर में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचा नहीं पाए। सुमित विवाहित हैं और किसी तनाव में आकर नहर में छलांग लगाने को वजह माना जा रहा है।
शनिवार को गोताखोर और पुलिस ने नहर में ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज और गंदा पानी होने के कारण पता नहीं चल पाया है।
उधर, एसएचओ विकासनगर उत्तराखंड महेश जोशी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुमित के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। घर में किसी झगड़े को लेकर यह कदम उठाया है। रविवार को फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।