कर्फ्यू के दौरान बिना अनुमति सड़क पर अपना लग्जरी वाहन लेकर निकले क्रिकेटर ऋषि धवन का गुरुवार को मंडी के गांधी चौक पर यातायात पुलिस ने 500 रुपये का चालान काटा है। साथ ही उन्हें वाहन लेकर न निकलने की अपील की है। धवन ने मौके पर ही चालान का भुगतान कर दिया, जिसके बाद उन्हें आगे जाने दिया गया।
गुरुवार दोपहर करीब पौने एक बजे जैसे ही क्रिकेटर ऋषि धवन किसी काम से स्कूल बाजार स्थित अपने घर से बाजार निकले तो गांधी चौक पर नाके पर खड़े एसएचओ विनोद ठाकुर की टीम ने उन्हें रोक लिया और बाजार आने का कारण पूछा।
धवन उचित जवाब नहीं दे पाए। ऐसे में तुरंत हेड कांस्टेबल ने मोबाइल से उनका चालान काट दिया। सुबह दस से दोपहर एक बजे तक कर्फ्यू में ढील रहती है। लेकिन बिना पास के गाड़ी लेकर निकलने पर मनाही है। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने कहा कि कर्फ्यू में ढील के वक्त रोक के बावजूद वाहन लेकर घूमने वालों पर सख्ती की जा रही है। किसी को भी कानून के उल्लंघन की इजाजत नहीं दी जा सकती।