हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम विश्वकप के मैचों के दौरान धर्मशाला में क्रिकेट प्रेमियों की मेहमाननवाजी के लिए तैयार हो गया है। निगम ने मैच देखने आने वाले क्रिकेट प्रेमियों के लिए होटलों के आकर्षक पैकेज घोषित कर दिए हैं। पैकेज में दो दिन और तीन रात के ठहराव की सुविधा दी गई है। निगम की ओर से धर्मशाला में अपने होटल धौलाधार, कुनाल और भागसू के लिए यह पैकेज जारी किए हैं। क्रिकेट प्रेमियों को पैकेज का लाभ उठाने के लिए सबसे अधिक शुल्क कोतवाली बाजार स्थित होटल धौलाधार में चुकाना होगा।
प्रदेश के पर्यटन स्थल एक बार फिर सैलानियों से सराबोर होने वाले हैं। दुर्गा पूजा पर्यटन सीजन के लिए कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में सैलानी हॉलीडे पैकेज बुक करवा रहे हैं। हिमाचल में आपदा के बाद पर्यटन कारोबारी भी सैलानियों को आकर्षित करने के लिए आकर्षक पैकेज जारी कर रहे हैं। दुर्गा पूजा दशहरा टूरिस्ट सीजन में बंगाल से भारी संख्या में सैलानी शिमला आते हैं। शिमला से सैलानी नारकंडा, रामपुर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति का रुख करते हैं। बंगाल से आने वाले सैलानी शिमला में कालीबाड़ी, नारकंडा में हाटू मंदिर और रामपुर सराहन के भीमाकाली मंदिर में दर्शन के लिए जाते हैं।
फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि आपदा के बाद अक्तूबर से हिमाचल में सैलानियों की भारी चहल पहल शुरू होने वाली है। दुर्गा पूजा सीजन के लिए सैलानी एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं। ट्रैवल एजेंट्स एसोसियेशन के अध्यक्ष नवीन पॉल ने बताया कि दुर्गा पूजा पर्यटन सीजन के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। सैलानियों के लिए आकर्षक पैकेज जारी किए हैं। सीजन के दौरान किन्नौर और स्पीति के होटलों में 90 फीसदी तक कमरे बुक रहने की उम्मीद है।
दुर्गा पूजा, दशहरा, क्रिसमस और नववर्ष के लिए बड़ी संख्या में सैलानियों के हिमाचल आने की उम्मीद है। आपदा के बाद परिस्थितियां तेजी से सामान्य हो रही हैं। दशहरा से पहले मनाली सड़क को ब्लैक टॉप तक डबल लेन खोलने का लक्ष्य है। -अमित कश्यप, निदेशक, पर्यटन विभाग