भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) ने दो लोकसभा सीटों कांगड़ा और हमीरपुर में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने के संकेत दिए हैं।
हालांकि, माकपा ने इन दोनों ही सीटों पर माकपा प्रत्याशियों की घोषणा की संभावना से भी इंकार नहीं किया है। माकपा प्रदेश प्रमुख ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को जनहित विरोधी पार्टियां करार देते हुए आम आदमी पार्टी की नीतियों तारीफ भी की है।
माकपा राज्य सचिव सिंघा ने मंगलवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी की हिमाचल इकाई कांगड़ा तथा हमीरपुर में कांग्रेस और भाजपा के अलावा किसी अन्य पार्टी का समर्थन करेगी।
सिंघा ने कहा कि पार्टी ने केवल दो सीटों पर ही प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। ये शिमला और मंडी हैं। उन्होंने कहा कि माकपा हिमाचल में आत्मविश्लेषण कर अपनी मजबूती के लिए कार्यरत रहेगी।
सात अप्रैल को जारी होगा घोषणा पत्र
उन्होंने कहा कि माकपा जल्द ही आगामी लोकसभा चुनावों के लिए चुनाव घोषणापत्र को सात अप्रैल को रिलीज करेगी। माकपा नवउदारवादी नीतियों को लेकर जनता में जाएगी।
महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे। सिंघा ने शिमला लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार जगतराम का भी परिचय दिया। उन्होंने कहा कि जगतराम का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा है।