बिलासपुर। जिला अस्पताल बिलासपुर के आईपीडी ब्लॉक की सबसे ऊपरी मंजिल को कोविड हेल्थ केयर सेंटर बनाया गया है। जिला अस्पताल में कोविड संक्त्रस्मितों के लिए 60 बेड की व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने इस अधिसूचना को तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया है।
उपायुक्त रोहित जम्वाल ने डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत इस अधिसूचना को लागू किया है। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आदेश दिए गए हैं कि हेल्थ केयर सेंटर में सभी जरूरी प्रबंध कर लिए जाएं। ताकि वहां पर मरीजों को सारी सुविधा मिल सकें। बताते चलें कि सोमवार शाम को जिला में कोविड के 400 मामले सामने आए हैं। इसके बाद देर रात उपायुक्त ने अपनी प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह अधिसूचना जारी की। इससे पहले उपायुक्त ने रविवार को जिला के सभी संस्थानों, उद्योगों व अन्यों को 48 घंटे में ऑक्सीजन सिलिंडर की सूचना देने की घोषणा की है। अगर कोई ऑक्सीजन की जमाखोरी करता पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। जिले में आईपीडी ब्लॉक को मिलाकर कोविड संक्त्रस्मितों के लिए 610 बेड की सुविधा हो गई है। लेकिन इसमें से कुछ बेड उनके लिए हैं जिनमें सिर्फ सर्दी, जुकाम जैसे लक्षण हों। वहीं करीब 167 हाई फ्लो ऑक्सीजन सिलिंडर हैं। हालांकि अभी अधिकतर कोविड संक्त्रस्मितों को घर पर ही आइसोलेट किया जा रहा है।