हादसे में क्षतिग्रस्त कार। इस कार हादसे में दंपति की मौत हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल में नंगल-श्रीआनंदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर स्थित गांव ब्रह्मपुर में दर्दनाक सड़क हादसे में दंपति की मौत हो गई। जबकि, कार में सवार उनका बेटा और पुत्रवधू सहित एक बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घायलों को बीबीएमबी अस्पताल नंगल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों की पहचान ऊना के ग्रीन एवेन्यू रक्कड़ कॉलोनी निवासी 61 वर्षीय नेकराम और 58 वर्षीय मधु के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात लगभग एक बजे चंडीगढ़ से ऊना की ओर जा रही एक कार को बह्मपुर के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार पांचों लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल गया।
अस्पताल में दंपति ने तोड़ा दम
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- फोटो : Demo pic
घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से बीबीएमबी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने नेक राम पुत्र नत्थू राम, उनकी पत्नी मधु निवासी ग्रीन ऐवन्यू रक्कड़ कॉलोनी ऊना को मृत घोषित कर दिया।
हादसे घायल हुए दीपक कुमार पुत्र नेक चंद, उनकी पत्नी रितू और ढाई माह की बच्ची स्तुति का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने कार चालक दीपक कुमार की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दीपक कुमार ने बताया कि वह परिवार सहित खरड़ में अपने एक रिश्तेदार के यहां आयोजित एक पार्टी में शामिल होने के बाद वापस अपने घर रक्कड़ कॉलोनी लौट रहे थे। ब्रह्मपुर में मुख्य मार्ग पर उनकी गाड़ी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
उधर, जांच अधिकारी एएसआई रोशन लाल ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।