हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के कुठेड़ा खैरला में कोरोना पॉजिटिव तब्लीगी जमात सदस्यों के संपर्क में आए दंपती को स्वास्थ्य विभाग ने आईसोलेट कर दिया है। पति-पत्नी को आईसोलेशन के लिए खड्ड स्थित अस्पताल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि कुठेड़ा खैरला मस्जिद में ठहरे तब्लीगी जमात के नौ लोगों को क्वारंटीन कर पेखूवेला भेजा गया था।
मंगलवार देर शाम इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। आनन-फानन में पुलिस टीम मंगलवार रात कुठेड़ा खैरला पहुंची और सारे क्षेत्र को सील कर दिया। जमात के नौ लोगों के संपर्क में आए दंपती के बारे में बताया जा रहा है कि जमाती उनसे मिले थे। उन्होंने संभवत उन्हें भोजन भी करवाया था।
उन्हें मंगलवार रात को ही पुलिस ने आईसोलेशन के लिए खड्ड सेंटर में भेज दिया है। जमात के संपर्क में आए अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। डीएसपी अंब मनोज जम्वाल ने बताया कि क्षेत्र में परिस्थितियों को देखते हुए पूरी एहतियात बरती जा रही है। तब्लीगी जमात के संपर्क में आए कुठेड़ा खैरला के दंपती को आईसोलेशन सेंटर भेजा गया है।
कुठेड़ा खैरला के कोरोना पॉजिटिव मौलवी के परिवार को भी आईसोलेट कर दिया गया है। मौलवी के दो बेटों और पत्नी को आइसोलेशन सेंटर भेजा गया है। गांव में करीब 20 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए हैं।