फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हंगामे की भेंट चढ़े शहर के विकास कार्य

Thu, 29 May 2014 11:17 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा, कांग्रेस के पार्षदों और महापौर का हठ शहर के विकास कार्यों पर भारी पड़ गया है। बुधवार को आयोजित नगर निगम की मासिक बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई।
विज्ञापन


बीते माह उपमहापौर टिकेंद्र पंवर की अध्यक्षता में स्थगित हुई मासिक बैठक को दोबारा नहीं बुलाए जाने का भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने निगम सदन में जमकर विरोध किया। विरोध स्वरूप दोनों दलों के पार्षदों ने सदन का बायकाट भी किया। बायकाट के बाद शुरू हुए सदन में भी हंगामा शांत नहीं हुआ।

बहस बढ़ने के चलते महापौर ने इस माह की मासिक बैठक को भी स्थगित कर दिया। बुधवार को करीब साठ लाख रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए जाने थे।

बुधवार को ढाई बजे मासिक बैठक शुरू होते ही भाजपा पार्षद मनोज कुठियाला ने बीते माह स्थगित हुई मासिक बैठक को दोबारा नहीं बुलाने का मामला उठाया।

कांग्रेस पार्षद शशि शेखर चीनू, सुरेंद्र चौहान और सुशांत कपरेट ने भी भाजपा पार्षद के सुर में सुर मिलाते हुए दोबारा बैठक नहीं आयोजित करने के लिए अफसरों और बैठक की अध्यक्षता करने वाले उपमहापौर टिकेंद्र पंवर की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
विज्ञापन


इस पर महापौर संजय चौहान ने कहा कि जानकारी जुटाई गई है। बीते माह प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद हंगामा हुआ। जिसके चलते सदन स्थगित किया गया। मामले की पूरी जानकारी आने वाले दिनों में जुटाई जाएगी। लेकिन इस जवाब से पार्षद संतुष्ट नहीं हुए।

एकजुट होकर भाजपा और कांग्रेस ने सदन से करीब साढ़े तीन बजे बायकाट कर दिया। चार बजे दोबारा से बैठक शुरू हुई। सदन में प्रवेश करते ही दोबारा से पार्षदों ने जिम्मेवारी तय करने का मामला उठाया। इस दौरान विकास कार्य बंद होने को लेकर सुशांत कपरेट और महापौर में तीखी नोकझोंक भी हुई। विवाद बढ़ने के चलते महापौर ने बैठक स्थगित करने का फैसला सुनाया।

पार्षद बोले, एक्ट की अनदेखी हुई
पार्षदों का कहना है कि नगर निगम एक्ट की अनदेखी हुई है। नियमों के मुताबिक मासिक बैठक से पहले स्थगित बैठक होनी चाहिए थी। पार्षदों ने कहा कि महापौर औश्र् उपमहापौर मनमर्जी से काम करते हुए नगर निगम में बेवजह राजनीति कर रहे हैं।
विज्ञापन


उपमहापौर कहां गए, नहीं मिली जानकारी
हंगामे के दौरान पार्षदों ने बीते माह बैठक की अध्यक्षता कर चुके उपमहापौर टिकेंद्र पंवर को बुलाने की बात कही। इस पर महापौर ने बताया कि टिकेंद्र पंवर विदेश गए है। पार्षदों में विदेश में कहां और जाने का कारण पूछा। लेकिन, इसका कोई जवाब नहीं मिला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें